Home News Business

भारत दुनिया का 5वां सबसे संक्रमित देश बना, आज स्पेन को भी पीछे छोड़ दिया; देश में अब तक 2.90 लाख मामले

National
भारत दुनिया का 5वां सबसे संक्रमित देश बना, आज स्पेन को भी पीछे छोड़ दिया; देश में अब तक 2.90 लाख मामले
@HelloBanswara - National -

 

  • देश में कोरोना से अब तक 8206 मौतें, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 3438 लोगों की जान गई
  • एक महीने में मरीजों का रिकवरी रेट 11% बढ़कर 49.21% हुआ, अमेरिका से 10% ज्यादा
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, गुरुवार सुबह तक 1.37 लाख एक्टिव केस थे और 1.41 लाख स्वस्थ हो गए

 

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 90 हजार 481 हो गई है। ये आंकड़ा covid19india.org का है। भारत गुरुवार को मरीजों के मामले में स्पेन (2.89 लाख) से आगे निकल गया। अब हम दुनिया में 5वें नंबर पर आ गए हैं।

फिलहाल, टॉप-7 संक्रमित देशों में अमेरिका, ब्राजील, रूस, ब्रिटेन, भारत, स्पेन और इटली हैं। लेकिन रिकवरी रेट में भारत अभी अमेरिका से बेहतर है। यहां मरीजों के ठीक होने की दर 39.12% है। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में रिकवरी रेट बढ़कर 49.21% हो गई है।

ब्राजील में 51.14%, रूस में 51.97%, इटली में 72% रिकवरी रेट है। ब्रिटेन और स्पेन ने कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा जारी नहीं किया है। इस वजह से इन दोनों देशों का रिकवरी रेट पता नहीं चल सका है।

महाराष्ट्र और दिल्ली में रिकॉर्ड मरीज बढ़े

आज महाराष्ट्र और दिल्ली में एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित बढ़े। महाराष्ट्र में 3607 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और 152 ने जान गंवाई। यहां कुल 97 हजार 648 मरीज हो गए। वहीं दिल्ली में 1877 मरीज मिले। इसी के साथ राजधानी में संक्रमितों की संख्या 34 हजार 687 हो गई। दिल्ली में अब तक कोरोना से 1085 लोग दम तोड़ चुके हैं।

 

कोरोना सर्वाइवर ने बनाया स्क्रीनिंग सिस्टम

हैदराबाद में कोरोना को मात देने वाले एनआरआई पुन्ना रेड्डी ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस आधारित स्क्रीनिंग सिस्टम बनाया है। यह सिस्टम ज्यादा तापमान वाले लोगों की पहचान कर सकता है। यह सिस्टम मास्क न पहनने वाले लोगों की जानकारी भी दे सकता है। इस सिस्टम को हैदराबाद और सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर इंस्टाल किया गया है। यह सिस्टम एक सेकेंड में 30 लोगों की स्कैनिंग कर सकता है। स्क्रीनिंग सिस्टम को डिजाइन करने वाले पुन्ना रेड्डी ने कहा- मैं बिजनेस ट्रिप पर भारत आया था। इसी बीच मुझे कोरोना संक्रमण हुआ। इसके बाद मैंने 17 दिन अस्पताल में गुजारे। इसी दौरान ऐसा सिस्टम डिजाइन करने का विचार आया। 

 

देश में अब तक 1.41 लाख मरीज ठीक हुए

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि अब देश में संक्रमितों से ज्यादा संख्या ठीक होने वाले मरीजों की है। पिछले एक महीने में रिकवरी रेट 11% बढ़ी है। 18 मई को रिकवरी रेट 38.29% थी। आज यह 49.21% हो गई है। अब तक देश में 1.41 लाख से ज्यादा लोगों को ठीक करके घर भेजा जा चुका है।' 

लॉकडाउन 4 के खत्म होने तक 93 हजार 322 मरीज ठीक हो चुके थे। यानी अनलॉक-1 में 47707 मरीज ठीक हुए, जो कुल स्वस्थ हुए मरीजों का 33% है।

दिल्ली में रिकवरी रेट सबसे कम 

दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटों में यहां 1501 मरीज मिले। मंगलवार को 1366 मरीज थे। यानी मंगलवार से अब तक करीब 10% की बढ़ोतरी देखी गई। वहीं, देश के सबसे ज्यादा प्रभावित 7 राज्यों में से दिल्ली में रिकवरी रेट 37.52% है, जो सबसे कम है। वहीं, राजस्थान में रिकवरी रेट 73.78% सबसे बेहतर है।

बुधवार को पहली बार 11 हजार 156 से ज्यादा मरीज मिले। इससे पहले 7 जून को सबसे ज्यादा 10 हजार 884 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। उधर, मध्यप्रदेश में भी अब 10 हजार से ज्यादा केस हो गए हैं। वह सातवां ऐसा राज्य बन गया है, जहां सबसे ज्यादा केस हैं।

5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले आए

तारीखकेस
10 जून11156
9 जून8852
8 जून8444 
7 जून10884
6 जून10428

अपडेट्स 

  • सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को अहम मामले में फैसला देगा। दरअसल, गृह मंत्रालय ने कर्मचारियों को लॉकडाउन के दौरान 54 दिन की पूरी सैलरी देने का आदेश दिया था। इसे कई निजी कंपनियों ने शीर्ष अदालत में चुनौती दी है।
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में एक लाख 51 हजार 808 सैंपल की जांच की गई। इसके साथ देश में 11 जून, सुबह 9 बजे तक 50 लाख 13 हजार 140 सैंपल की जांच की जा चुकी है।
  • दिल्ली में सीआरपीएफ का चीफ मेडिकल (सीएमओ) ऑफिसर कोरोना पॉजिटिव मिला है। सीएमओ को ओखला में एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके साथ सीआरपीएफ में संक्रमितों की संख्या 544 हो गई है। इनमें से 353 रिकवर हो गए हैं और चार की मौत हो गई।
  • तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पलानीसामी ने कहा कि राज्य में अभी कोरोना का कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं है। कुछ जिलों में कोरोना केस कम भी हुए हैं।
  • चेन्नई के रॉयपुरम के एक शेल्टर होम में 35 बच्चे कोरोना पॉजिटिव होने की खबर पर सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार से रिपोर्ट मांगी है। साथ ही यह भी पूछा है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।

5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: स्वास्थ्य विभाग के अफसर ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में इंदौर में 41 नए केस मिले और दो मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ शहर में मरीजों की संख्या 3922 हो गई है और मौतें 163 हो गई हैं। उधर, जबलपुर में कोरोना से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 78% से ज्यादा है। शहर में कोरोना से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 222 हो गई। अब तक कुल 283 संक्रमित मिले हैं। यहां अब तक 11 मरीजों ने दम तोड़ा।

उत्तरप्रदेश: यूपी में बीते 24 घंटे में 277 नए मामले सामने आए। इससे पहले मंगलवार को 389 मरीज मिले थे। 20 मरीजों की मौत की भी पुष्टि हुई, जो अब तक की सबसे ज्यादा संख्या है। इसके साथ मृतकों का आंकड़ा 321 पहुंच गया है।

संक्रमितों की संख्या के मामले में कभी राजस्थान तो कभी उत्तरप्रदेश आगे निकल रहा है। covid19india.org के मुताबिक, गुरुवार सुबह तक दोनों के बीच करीब 10 मरीजों का अंतर था। उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 11 हजार 610 थी, तो राजस्थान में यह नंबर 11600 था। अब फिर राजस्थान आगे निकल गया है।

महाराष्ट्र: राज्य में बुधवार को 3254 नए कोरोना मरीज मिले। यहां संक्रमितों की संख्या 94,041 हो गई है। बुधवार को राज्य में 149 कोरोना मरीजों की मौत हुई। इसके साथ मृतकों का आंकड़ा 3438 हो गया। 

राजस्थान: राजस्थान में गुरुवार को कोरोना के 51 नए केस सामने आए। इनमें जयपुर में 16, अजमेर में 14, झुंझुनू में 8, अजमेर, झालावाड़ और कोटा में 2-2, बारां, भरतपुर, बीकानेर, गंगानगर, सवाई माधोपुर और टोंक में 1-1 मरीज मिला। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 11,651 पर पहुंच गया। वहीं, पिछले 12 घंटे में संक्रमण से 5 लोगों की मौत भी हो गई। इनमें जयपुर में 2, भरतपुर, दौसा में 1-1 मरीज की जान गई। इनके अलावा, दूसरे राज्य से आए एक व्यक्ति की भी मौत हुई। राज्य में संक्रमण से मौत का कुल आंकड़ा 264 पर पहुंच गया है।

बिहार: राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बुधवार को 243 कोरोना पॉजिटिव मिले। इसके साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 5698 हो गई। मंगलवार को दो कोरोना मरीजों की मौत हुई थी। इनमें एक औरंगाबाद का एक दरोगा भी शामिल है।

FunFestival2024
शेयर करे

More news

Search
×