Home News Business

अमेरिका में मरने वालों का आंकड़ा 1 लाख के पार; यहां दुनिया में सबसे ज्यादा 17.13 लाख संक्रमित

World
अमेरिका में मरने वालों का आंकड़ा 1 लाख के पार; यहां दुनिया में सबसे ज्यादा 17.13 लाख संक्रमित
@HelloBanswara - World -

वॉशिंगटन. दुनिया में अब तक 56 लाख 42 हजार 571 लोग संक्रमित हैं। 24 लाख 8 हजार 257 लोग ठीक हुए हैं। मौतों का आंकड़ा 3 लाख 49 हजार 920 हो गया है। अमेरिका में संक्रमण से मरने वालों की तादाद मंगलवार रात एक लाख से ज्यादा हो गई। यह दुनिया के किसी भी देश में सबसे ज्यादा मौतें हैं। यह आंकड़ा https://www.worldometers.info से लिया गया है।

अमेरिका : इस तरह बढ़ती गईं मौतें...

- 2 मार्च तक यहां 6 लोगों की मौत हुई थी।
- 25 मार्च को आंकड़ा 1260 हुआ।
- 23 अप्रैल को 50 हजार 234 हो गया।
- 23 अप्रैल से 26 मई यानी 33 दिन में यह दोगुना हुआ।

कोरोना के बाद आइसलैंड में लौटी रौनक
कोरोना के दो महीने से जारी लॉकडाउन के बाद आइसलैंड में नाइट क्लब खुलने लगे हैं। राजधानी रेक्जाविक में स्थानीय लोग बड़ी संख्या में क्लब में पहुंचते भी नजर आ रहे हैं। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए आइसलैंड में पिछले नौ हफ्ते से टोटल लॉकडाउन जारी था। यूरोप में आइसलैंड पहला देश है, जहां जरूरी सेवाओं के अलावा मनोरंजन के स्थान भी खोलने की इजाजत दी गई है।


कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश

देशकितने संक्रमितकितनी मौतेंकितने ठीक हुए
अमेरिका17,14,3711,00,1034,69,049
ब्राजील3,77,780 23,6221,53,833
रूस3,62,3423,8071,31,129
स्पेन2,83,339 27,1171,96,958
ब्रिटेन2,65,22737,048उपलब्ध नहीं
इटली2,30,55532,9551,44,658
फ्रांस1,82,94228,43265,199
जर्मनी1,80,8088,4321,62,000
तुर्की1,57,8144,3691,20,015
भारत1,46,3764,18761,151

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

सऊदी अरब: कर्फ्यू में ढील

सऊदी अरब में गुरुवार से मक्का छोड़कर कर्फ्यू खत्म किया जा रहा है। मक्का में कर्फ्यू खत्म किए जाने का फैसला 21 जून से लागू होगा। 31 मई के बाद से घरेलू विमानों और मस्जिदों में नमाज से प्रतिबंध हटा दिया गया है। लोगों को निजी और सरकारी कंपनियों में काम करने जाने की भी अनुमति दी जाएगी। मक्का में अभी नमाज की मंजूरी नहीं दी गई है। अप्रैल में सरकार ने देश में लॉकडाउन किया था। कई शहरों में 24 घंटे कर्फ्यु रहा। जिम, सिनेमाघर और ब्यूटी पार्लर अब भी बंद ही रहेंगे। सऊदी में कुल 76 हजार संक्रमित हैं। दुबई में भी बुधवार से सिनेमा और जिम खुल जाएंगे। इसके अलावा भी सरकार ने कई सेक्टर्स पर लगी पाबंदियां कम की हैं। 

चीन : जंग के लिए तैयार रहें
राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार को चीन की सेना (पीपुल्स लिबरेशन आर्मी या पीएलए) से जंग के लिए तैयार रहने को कहा। अपनी पार्टी के सालाना सम्मेलन में जिनपिंग ने कुछ अहम बातें कहीं। जिनपिंग के मुताबिक, “महामारी का असर देश की सैन्य तैयारियों और अभ्यास पर नहीं पड़ना चाहिए। देश इस कोरोनावायरस से उबरता जा रहा है।” जिनपिंग 2013 में राष्ट्रपति बने थे। इसके बाद से उनका सबसे ज्यादा फोकस सेना को बेहतर बनाने पर ही रहा है। अमेरिका और भारत से इन दिनों चीन के संबंध तनावपूर्ण चल रहे हैं। ताईवान और जापान से भी रिश्ते अच्छे नहीं हैं।

चीन: वुहान में टेस्ट जारी

चीन में कोरोना का एपिसेंटर रहे वुहान में 9 दिन में 65 लाख से ज्यादा लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए। यहां एक बार काबू पाने के बाद दूसरी बार मामले सामने आए थे। अब सरकार शहर के 11 करोड़ लोगों की दोबारा जांच कर रही है। चीनी मीडिया के मुताबिक, 15 से 23 मई के बीच 90 लाख से ज्यादा लोगों के स्वैब सैम्पल लिए गए।

पाकिस्तान: दोबारा लॉकडाउन लग सकता है

पाकिस्तान में संक्रमण के मामले बढ़ते रहे तो यहां फिर से लॉकडाउन लगाया जा सकता है। देश के शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारी जफर मिर्जा ने लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की अपील की। पाकिस्तान ने इस महीने से लॉकडाउन हटाना शुरू किया था। देश में अब तक 57 हजार 705 लोग संक्रमित हैं, जबकि 1,197 मौतें हो चुकी हैं।

द.कोरिया: क्वारैंटाइन का उल्लंघन करने पर 4 महीने की जेल
दक्षिण कोरिया में एक युवक को क्वारैंटाइन नियमों का उल्लंघन करने पर 4 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। युवक क्वारैंटाइन का समय पूरा होने से 2 दिन पहले बाहर जाते हुए पकड़ा गया था। साथ ही सरकार नाइट क्लबों से जुड़े संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद नियमों को और सख्त करने का विचार कर रही है। यहां संक्रमण के 11 हजार 225 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 269 लोगों की मौत हो चुकी है।

ब्राजील: 24 घंटे में 806 मौतें

ब्राजील में 24 घंटे में 806 लोगों की मौत हुई है, जबकि 13 हजार 51 केस सामने आए हैं। देश में अब तक 23 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, तीन लाख 76 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। यहां हर दिन होने वाली मौतों की संख्या पहली बार अमेरिका से ज्यादा है।

 ट्रम्प ने गोल्फ खेलने का बचाव किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 23 मई को लॉकडाउन लागू होने के 75 दिन बाद गोल्फ खेलने पहुंचे थे। इसके बाद विवाद शुरू हो गया। वे लगातार दूसरे दिन भी गोल्फ खेलने गए। इसका लोगों ने जमकर विरोध किया। गोल्फ क्लब के बाहर कुछ लोग तख्तियां लेकर खड़े थे। इन पर लिखा था- 1 लाख लोग मारे गए हैं। हमें चिंता है। क्या आपको चिंता है? ट्रम्प ने अपना बचाव करते हुए ट्वीट कर कहा- बाहर निकलने के लिए या थोड़ा एक्सरसाइज करने के लिए मैं हर वीकेंड पर गोल्फ खेलता हूं। फर्जी और भ्रष्टाचारी न्यूज ने इसको ऐसे दिखाया जिससे यह पाप की तरह लगने लगा।

24 घंटे में 1.02 लाख मरीज मिले: डब्ल्यूएचओ
डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, दुनियाभर में 24 घंटे में 1 लाख 2 हजार 790 संक्रमित मिले हैं, जबकि 4380 लोगों की मौत हुई है। वहीं, संक्रमण का कुल आंकड़ा 50 लाख से ज्यादा हो गया है, जबकि तीन लाख 42 हजार लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, डब्ल्यूएचओ ने सुरक्षा कारणों के चलते संक्रमण के इलाज के लिए हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के ट्रायल पर रोक लगा दी है। संस्था ने कहा कि ‘लैंसेट’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि इलाज करा रहे लोगों में हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के इस्तेमाल से मौतों की आशंका बढ़ी हुई नजर आई है।

चीन: 7 नए मामले दर्ज

चीन में सोमवार को सात नए मामले मिले। चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन ने मंगलवार को बताया कि पांच नए मामले मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र जबकि एक शंघाई और एक फुजियन में दर्ज किया गया है। चीन में इसी के साथ बहार से आए 1731 मामले हो चुके हैं। इनमें से अब तक 1,685 मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए हैं और 46 संक्रमित लोगों का उपचार किया जा रहा है। एक की हालत गंभीर है। चीन में अब तक 82,992 लोग संक्रमित हुए हैं और 4638 की मौत हो चुकी है।

 

इटली: फरवरी के बाद एक दिन में सबसे कम केस मिले

इटली में 29 फरवरी के बाद 24 घंटे में सबसे कम 300 केस मिले हैं। वहीं, 92 लोगों की मौत हुई है। देश में मरने वालों की संख्या 32 हजार 877 हो चुकी है। यहां संक्रमण के मामले 2 लाख 30 हजार 158 हो गए हैं। वहीं, देश में अब तक 1 लाख 41 हजार 981 लोग ठीक हो चुके हैं। यूरोप में इटली पहला देश था, जिसने महामारी के चलते लॉकडाउन लगाया था।

 

स्पेन: विदेशी नागरिक क्वारैंटाइन नहीं होंगे

जर्मन न्यूज कंपनी डॉयचे वेले के अनुसार स्पेन के पर्यटन मंत्री रेयेस मरोतो ने सोमवार को कहा कि सरकार विदेशी पर्यटकों को जुलाई से देश में आने की अनुमति दे सकती है। तब तक 14 दिन के अनिवार्य क्वारैंटाइन को हटा दिया जाएगा। इस बयान का स्टॉक मार्केट में भी असर हुआ। प्रमुख होटल संचालक मेलिया होटल्स ने शुरुआती कारोबार में 14% की वृद्धि दर्ज की। स्पेन पर्यटकों का दूसरा पसंदीदा देश है। यहां हर साल करीब आठ करोड़ पर्यटक आते हैं।

FunFestival2024
शेयर करे

More news

Search
×