Home News Business

8 महीने से आवंटन बंद, डीलरों ने दिखाई 57 हजार लीटर केरोसिन की फर्जी एंट्री, क्योंकि पिछला गबन छिपाना था

Banswara
8 महीने से आवंटन बंद, डीलरों ने दिखाई 57 हजार लीटर केरोसिन की फर्जी एंट्री, क्योंकि पिछला गबन छिपाना था
@HelloBanswara - Banswara -
सरकार से केरोसिन नहीं मिलने के बावजूद राशन डीलर की ओर से किए जा रहे फर्जीवाड़े
  • सरकार से केरोसिन नहीं मिलने के बावजूद राशन डीलर की ओर से किए जा रहे फर्जीवाड़े पर पड़ताल

जिले में बड़ा केरोसिन घाेटाला सामने आया है। लंबे समय से जिले में केरोसिन का डीलरों को आवंटन नहीं हुआ उसके बावजूद राशन डीलर मार्च 2021 में भी पोश मशीन से केरोसिन का ट्रांजेक्शन करने में लगे हुए हैं। जिले में अगस्त 2020 से राशन डीलरों को केरोसिन आंवटन नहीं किया उसके बावजूद पिछले 6 महीनों में 27505 उपभोक्ताओं का 57018 लीटर केरोसिन निकाल लिया। जिसका अभी भी सिलसिला जारी है।

पड़ताल की तो पता चला की उपभक्ताओं को 1-2 साल से केरोसिन नहीं मिला है, लेकिन हकीकत में उनके राशन कार्ड से डीलर केरोसिन उठा रहे हैं। इसमें राशन डीलरों ने पहले आवंटित केरोसिन का गबन कर लिया और अब स्टॉक मेंटेन करने में लगे हुए हैं। सवाल उठता है कि आखिरी रसद विभाग के अधिकारियों ने उनका स्टॉक क्यों नहीं जांचा या इसके पीछे विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत है।

केरोसिन तेल तो लंबे समय से बंद हैं। अगस्त में केवल एक गाड़ी आई थी, उसका भी आवंटन नहीं किया है। किसी के पास थोड़ा बहुत तेल होगा इसलिए निकाला होगा, अन्यथा तेल आया ही नहीं। अगर फिर भी कोई इस तरह से केरोसिन का ट्रांजेक्शन कर रहा है तो गलत है, उनकी जांच करेंगे और कार्रवाई भी करेंगे।
-मणि खीची, कार्यवाहक, रसद अधिकारी

फर्जीवाड़े- भास्कर टीम ने उपभोक्ताओं के घर जाकर पूछा तो वे भी यह सुनकर चौंक गए कि उनके नाम से केरोसिन उठाया जा रहा है

1. निलेश दर्जी: सदर बाजार(पोश मशीन नंबर-17879)

हर महीने राशन कार्ड में उठ रहा है केरोसिन लेकिन इनकाे डेढ़ साल से एक बूंद नहीं मिला

शहर के तलहटी महल सदर बाजार में रहने वाले उपभोक्ता निलेश कुमार दर्जी के राशन कार्ड से हर महीने केरोसिन उठ रहा है। दिसंबर, जनवरी महीने में 2.50-2.50 लीटर केराेसिन उठाया गया है लेकिन इसकी जानकारी उपभोक्ता निलेश को भी नहीं है। जब भास्कर ने अॉनलाइन डिटेल चेक की तो राशन डीलर माया कुमारी (मशीन नंबर 17879) में केरोसिन की भी एंट्री कर रखी है।

निलेश ने भास्कर काे बताया कि उनको केवल राशन का गेहूं मिलता है, केरोसिन मिले तो डेढ़ साल से भी ज्यादा का समय हो गया है। राशन डीलर ने तो यही कहा है कि तुमारे पास गैस कनेक्शन है इसलिए केरोसिन नहीं मिल सकता है।

2. सज्जन बाई: माेचीवाड़ा (पोश मशीन नंबर- 17865)

रिकाॅर्ड में जनवरी में 2.50 लीटर केराेसिन मिला, जबकि दो साल से डीलर ने नहीं दिया

शहर के मोचीवाड़ा निवासी सज्जन बाई को केवल गेहूं ही मिल रहा है। करीब 2 साल से ज्यादा का समय हो गया है केरोसिन मिले हुए। हकीकत यह है कि राशन डीलर दिलीप कुमार(मशीन नंबर 17865) में हर महीने से केरोसिन का उठाव कर रहा है। जनवरी 2021 में भी 2.50 लीटर की एंट्री कर रखी है।

सज्जन बाई के पुत्र महावीर ने भास्कर काे बताया कि गेहूं के अलावा कुछ भी नहीं मिल रहा है। लॉकडाउन में केवल दो बार दाल मिली थी। केरोसिन दिए तो जमाना गुजर गया। जब भी डीलर से केरोसिन के बारे में पूछते हैं तो वह यही कहता है कि राजस्थान में अब केराेसिन मिलना ही बंद हाे गया है।

3. कमला बाई: उपला भाेईवाड़ा (पोश मशीन नंबर-17896)

रिकाॅर्ड में केरोसिन भी घर ले जाती हैं, लेकिन दुकान से केवल गेहूं ही मिलता है

शहर के उपला भोई वाड़ा की रहने वाली कमला बाई काे भी काफी समय से केवल गेहूं मिल रहा है। केरोसिन मिले तो बहुत साल हो गए हैं। लेकिन रिकाॅर्ड में बता रहा है कि कमा बाई के राशन कार्ड से हर महीने 2.50 लीटर केरोसिन उठाया जा रहा है। राशन डीलर दुर्गा देवी(मशीन नंबर 17896) से 4 फरवरी को 2.50 लीटर केरोसिन की एंट्री कमला बाई के नाम से की हुई है।

कमला बाई ने भास्कर काे बताया कि राशन की दुकान से केवल गेहूं मिल रहा है। केरोसिन मिले तो बहुत साल हो गए हैं। मेरे नाम से केराेसिन उठाया जा रहा है ताे यह फर्जीवाड़ा है।

डीलर के पास दुकान या गाेदाम में स्टाॅक नहीं लेकिन हर महीने दे रहे हजाराें लीटर केराेसिन

27505 उपभाेक्ता

​​​​​​​57018 लीटर ट्रांजेक्शन

​​​​​​​जिले में स्टाॅक नहीं फिर भी 1 सितंबर 2020 से 28 फरवरी 2021 तक दिया केराेसिन

डीलर: 6 महीने से एक लीटर केराेसिन नहीं है दुकान पर

हकीकत: 3 महीने में 938 लीटर का किया ट्रांजेक्शन

नाथूलाल के पास राशन की 3 दुकानें हैं। इनके मशीन नंबर 17881, 17894, 17896 हैं। एक मशीन नाथू सिंह के पास, एक अपनी लड़की दुर्गा देवी के नाम पर और तीसरी अस्थाई ताैर पर है। भास्कर टीम जब दुकान पर पहुंची ताे दुर्गा देवी और लड़का दुकान पर था।

उन्हाेंने बताया कि करीब 6 महीने से ज्यादा का समय हो गया है हमारे पास केरोसिन तो आया ही नहीं है। दुकान पर कोई स्टॉक भी नहीं मिला, लेकिन रसद विभाग का रिकाॅर्ड चेक किया ताे चाैंकाने वाली जानकारी सामने आई कि तीनों मशीनों से दिसंबर 2020 में 177 लीटर, जनवरी 2021 में 388 लीटर और फरवरी 2021 में 373 लीटर केराेसिन का ट्रांजेक्शन बताया गया है।

डीलर : महीनाें से केराेसिन आबंटित ही नहीं हुआ
हकीकत: दिसंबर-जनवरी में 44 लीटर का ट्रांजेक्शन

​​​​​​​गौतम राशन डीलर की दुकान पर उसने बताया कि लंबे समय से उसकी दुकान पर केरोसिन नहीं आया और मौके पर स्टॉक भी नहीं था। इसके बावजूद रिकाॅर्ड खंगाला ताे यह सामने अाया कि हर महीने महीने केरोसिन उठाया जा रहा है।

यह रिकाॅर्ड इनकी पाेश मशीनाें में भी बताया गया है। रिकाॅर्ड के अनुसार दिसंबर-2020 व जनवरी 2021 में 22 लीटर केराेसिन उठाया गया है। दाे महीने में 44 लीटर केरोसिन निकाल लिया है लेकिन डीलर का कहना है कि उनकी ओर से किसी काे भी केराेसिन नहीं दिया जा रहा है और दुकान पर मौके पर भी कोई स्टॉक नहीं मिला।

ऐसे कर रहे हैं फर्जीवाड़ा

जानकारों का कहना है कि अभी भी कई डीलर के पास केरोसिन का स्टॉक बचा है। इसे निकालने के लिए जब भी उपभोक्ता दुकान से राशन सामग्री लेने आते हैं तो पोस मशीन पर दो बार अंगूठे लगवा लेते हैं। उपभोक्ताओं को इसका पता ही नहीं लगता और डीलर शातिर तरीके से उनका केरोसिन खुद उठा लेते हैं।

FunFestival2024
शेयर करे

More news

Search
×