Home News Business

वागड़ में कांग्रेस और बीएपी का गठबंधन:भाजपा प्रत्याशी मालवीया बोले- ये कांग्रेस का दुर्भाग्य, कांग्रेस पार्टी एक बड़ा समुद्र होकर नाले में मिल रही

Banswara
वागड़ में कांग्रेस और बीएपी का गठबंधन:भाजपा प्रत्याशी मालवीया बोले- ये कांग्रेस का दुर्भाग्य, कांग्रेस पार्टी एक बड़ा समुद्र होकर नाले में मिल रही
@HelloBanswara - Banswara -

वागड़ की बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा सीट इन दिनों राजनीतिक सरगर्मियों के कारण प्रदेश और देश में काफी चर्चा में हैं। एक वजह कांग्रेस के कई दिग्गजों का भाजपा में शामिल होना तो दूसरी वजह कांग्रेस का गढ़ होने के बाद भी भारतीय आदिवासी पार्टी से गठबंधन। गठबंधन को लेकर कांग्रेस में ही सभी एक राय नहीं है, वहीं इस मामले में भाजपा प्रत्याशी महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने बेबाकी से अपनी राय भास्कर के सामने रखी।

सवाल- कांग्रेस और बाप के गठबंधन पर आपकी क्या राय है।

मालवीया- ये कांग्रेस का दुर्भाग्य है कांग्रेस का। मैं हर बार कहता हूं कि छोटे छोटे नाले और नदिया समुद्र में मिलते हैं लेकिन कांग्रेस तो एक समुद्र होकर एक नाले में मिल रही है। ये लोग कहते हैं कि समझौता करेंगे तो प्रजातंत्र बच जाएगा। ऐसा है तो उदयपुर में कौन बचा रहा है। माननीय अशोक गहलोत के सुपुत्र वैभव गहलोत चुनाव लड़ रहे हैं वहां प्रजातंत्र कौन बचा रहा है। चित्तौड़, राजसमंद, दाहोद, थांदला झाबुआ में कौन प्रजातंत्र बच रहा है। बांसवाड़ा में एक जगह समझौता कर लेंगे तो क्या प्रजातंत्र और संविधान बच जाएगा क्या।

सवाल- कांग्रेस में गठबंधन को लेकर दो ग्रुप बने हैं। पूर्व मंत्री बाप के समर्थन में जुटे है।

मालवीया- ये उनकी पार्टी है और उनके नेता ही कुछ कह सकते हैं। लेकिन एक सामान्य नागरिक होने के नाते मैं यह कहूंगा की कांग्रेस पार्टी के इतने बुरे दिन शायद कभी आएंगे होंगे और न ही भविष्य में कभी आएंगे।

सवाल- आप पर आरोप लगते है कि 40 साल पार्टी का खाया और अब पार्टी बदली।

मालवीया- पूरा देश भाजपा में शामिल हो रहा है। मालवीया अकेला शामिल नहीं हो रहा। जहां तक खाने की बात है तो मैं उनसे पूछता हूं की तुमने भी डट कर खाया तो बाप (BAP) पीछे क्यों रो रहे हो। तुमको भी पार्टी का सिंबल मिला है तो उस आदमी को जीताओ। सिंबल होते हुए तुम आदमी को नहीं जीता रहे तो मैने तो सम्मान के साथ भाजपा ज्वाइन की। पिछले कार्यकाल में 10 हजार करोड़ बांसवाड़ा में लगाया। अगले 5 साल में इन्ही पैसे से बांसवाड़ा का निहाल हो जाएगा। अगर मैं भाजपा ज्वाइन नहीं करता तो यह पैसा नहीं लगता। मैं जनता के हित में गया वागड़ के हित में गया हूं।

सवाल- मतदान में अब कुछ दिन शेष हैं किस स्थिति में है भाजपा।

मालवीया- भाजपा का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। जहां तक बांसवाड़ा सीट का सवाल है कोई भी प्रत्याशी यही कहेगा हम चुनाव जीत रहे हैं। लेकिन मैं यही कहूंगा की कांग्रेस तो पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है। वही दूसरी पार्टी है बाप। मैं यही कहूंगा की बाप क्या वादा कर सकती है और भाजपा क्या वादा कर सकती हैं। इनको समझने की जरूरत है। भाजपा के पास प्रधानमंत्री है और प्रदेश में मुख्यमंत्री। अगली सरकार भी भाजपा की बनने जा रही है। बांसवाड़ा में रेल लाएंगे, नेशनल हाईवे लाएंगे, उद्योग लाने की जरूरत है। यह लाएंगे क्योंकि डबल इंजन की सरकार है। इन मुद्दों पर बाप पार्टी क्या कर सकती हैं। बांसवाड़ा की जनता समझती है कि मोदी फिर प्रधानमंत्री बनेंगे तो लोग वोट खराब क्यों करेंगे।

सवाल- बीएपी चुनाव में 5वी अनुसूची और जल जंगल जमीन का मुद्दा उठाकर चुनाव लड़ रही है।

मालवीया- मैं यह बात जानना चाहता हूं कि टीएसपी क्षेत्र में सब पद आरक्षित है तो अनुसूची 5 क्या है। पंच हमारा, प्रधान हमारा, प्रमुख हमारा सरपंच हमारा सबकुछ है। जंगल की जमीन पर जो आदमी काबिज है, कानून बना 2006 में तब से हजारों किसानों को पत्ते दिए जिस पर काबिज होकर मकान बना दिए हैं लोगों ने। ये लोग गुमराह कर रहे हैं बच्चों को। इन लोगों को यह नहीं पता कि हमनें इस क्षेत्र में बागड़ लगा दी है, बाहर का आदमी यहां आ नहीं सकता। अगर बाहर का व्यक्ति यहां आएगा तो यहां के लोगों को नौकरी नहीं मिलेगी। सबकुछ हैं यहां लेकिन अनपढ़ बच्चों को गुमराह कर रहे हैं। पहले भी वादा किया हम 8वी पास को नौकरी देंगे तो क्या चौरासी विधानसभा में लग गए क्या नौकरी पर। इनके पास एजेंडा क्या है। तुम्हारा प्रधानमंत्री नहीं है तुम्हारा मुख्यमंत्री नहीं तो क्या एक सांसद बनकर पूरे वागड़ की सेवा कर देगा क्या।

सवाल- बागीदौरा उप चुनाव के क्या रहेंगे परिणाम।

मालवीया-बागीदौरा विधानसभा में एक दिन नहीं जाऊंगा तो भी उपचुनाव जीतेंगे। पहले भी मैं तो नहीं गया था आज भी नही जाऊंगा। एक कोई मीटिंग कर आ जाऊंगा बस।

FunFestival2024
शेयर करे

More news

Search
×