अशोक स्तंभ के दुरुपयोग का मामला: निजी संस्था के लेटरपेड पर राष्ट्रीय चिन्ह, सरकारी कर्मचारी ने दर्ज कराई FIR

थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि लांबापारड़ा, गनोड़ा निवासी दिग्विजय सिंह चौहान से एक शिकायत प्राप्त हुई है। इसमें आरोप है कि मोटा टांडा (NGO) के अध्यक्ष कालूराम नायक व उपाध्यक्ष नाथूलाल नायक ने लेटरहेड पर अशोक स्तंभ छपाया हुआ है। वहीं स्तंभ के समीप राजस्थान सरकार भी लिखा रखा है। रिपोर्ट में बताया गया है राष्ट्रीय चिन्ह के उपयोग का अधिकार संविधान में प्रदत्त पद, संस्था और संगठन को ही है। कोई अन्य व्यक्ति इसका दुरुपयोग करता है तो उसके लिए कानून में दो वर्ष की सजा व जुर्माने का प्रावधान है। शिकायत में आरोप लगाए गए हैं कि संबंधित आरोपी ऐसी योग्यता नहीं रखते हैं। बावजूद इसके वह इस चिन्ह का उपयोग कर रहे हैं। प्रार्थी का आरोप है कि आरोपियों ने ऐसे ही लेटरहेड पर हस्ताक्षर और मुहर उपयोग करते हुए उसके नाम से एक झूठी शिकायत BEEO (समग्र शिक्षा घाटोल) से की है।
