Home News Business

तेज हवा के साथ आई बारिश, ओले गिरे

Banswara
तेज हवा के साथ आई बारिश, ओले गिरे
@HelloBanswara - Banswara -

तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के प्रभाव से शनिवार को दिन में बादल छाए रहे। वहीं शाम को घने बादल छाने से शाम से पहले ही हल्का अंधेरा नजर आने लगा। वहीं इसी दौरान शाम को बांसवाड़ा शहर सहित जिले के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। शहर में रात 9.25 बजे से पहले हल्की और बाद में मध्यम से तेज बारिश का दौर शुरू हुआ। जिससे वातावरण में ठंडक महसूस हुई।

वहीं कृषि विभाग के पर्यवेक्षक ने संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार विभाग डॉ. दलीप सिंह को जानकारी दी कि अरथूना के समीप मोटी टिंबी क्षेत्र और ग्राम पंचायत गणेशपुर के भीतपाड़ा गांव, सरेड़ी बड़ी में शनिवार शाम बारिश के साथ काफी देर तक ओला वृष्टि होती रही।

जिले के चिड़ियावासा में आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। वहीं घाटोल, खमेरा, आनंदपुरी, आंबापुरा, खेड़ा वडली पाड़ा, सरेड़ी बड़ी, बोरी, गढ़ी, परतापुर, भीतपाड़ा, आंजना, अरथूना, नौगामा, बड़गांव में बारिश हुई। वहीं बांसवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं बारिश होने के दौरान बांसवाड़ा शहर सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गुल होने की समस्या बनी रही।

वहीं अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री की कमी आने से हल्की गर्मी का असर कम हुआ है। शनिवार को हवा की दिशा पश्चिम से दक्षिण-पश्चिम की ओर रही। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर रफ्तार की रही। वातावरण में आर्द्रता 22 प्रतिशत दर्ज की गई।

बड़ोदिया| करजी, बुड़वा, ईटाउवा में शनिवार देरशाम को बारिश के साथ ओले गिरे। बारिश के कारण खेतों मंे कटी पड़ी गेहूं की फसल भीग गई, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। ईटाउवा के देवाजी पटेल ने बताया कि 6 बीघा में गेहूं की फसल काट दी है। बारिश से फसल खराब हो जाएगी। रोहनवाड़ी| जिले में सुबह से मौसम में बदलाव देखा गया। शाम को कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। गांगड़तलाई ब्लॉक के रोहनवाड़ी में शनिवार शाम 6.30 बजे बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक छा गई। घाटोल| जिले के घाटोल में शनिवार शाम को तेज हवा के साथ करीब 10 मिनट तेज बारिश हुई। जिससे सड़क पर पानी भर गया। बारिश से मौसम में भी ठंडक हो गई।

18001809519 पर दें खराबे की जानकारी

संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार विभाग बांसवाड़ा डॉ. दलीप सिंह ने बताया कि बे मौसम बारिश होने पर किसान भाई 72 घंटों के दौरान टोल फ्री नंबर 18001809519 और फसल बीमा एप पर सूचना दे सकते हैं।

किसान सेवा केंद्र या कृषि विभाग कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है। साथ ही किसान फसल कटाई के बाद खेत में पड़ी फसल को 14 दिनों के भीतर चक्रवात और चक्रवाती वर्षा, बे मौसम बारिश, ओलावृष्टि से नुकसान होने पर व्यक्तिगत आधार पर नुकसान का आकलन करवा सकते हैं।


FunFestival2024
शेयर करे

More news

Search
×