Home News Business

वसुंधरा राजे को लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतार सकती है भाजपा

वसुंधरा राजे को लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतार सकती है भाजपा
@HelloBanswara - -

Rajasthan January 17, 2019 - राजस्थान की राजनीति में 16 वर्ष तक एक छत्र राजनीति करने के बाद राष्ट्रीय राजनीति में बुला ली गईं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि वे झालावाड़-बारां लोकसभा सीट से मैदान में उतर सकती हैं। अभी यहां से उनके पुत्र दुष्यंत सिंह सांसद हैं।

राजस्थान में इस बार का विधानसभा चुनाव हारने के बाद पार्टी आलाकमान ने वसुंधरा राजे को दो अन्य पूर्व मुख्यमंत्रियों शिवराज सिंह और रमन सिंह के साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि शिवराज और रमन सिंह को भी लोकसभा चुनाव लड़ाए जाने की चर्चा है। कुछ ऐसा ही वसुंधरा राजे के साथ भी हो सकता है ताकि उन्हें पूरी तरह राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय किया जा सके।

वे अपनी परंपरागत सीट झालावाड़-बारां से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। वैसे उनका गृह जिला धौलपुर है, लेकिन वे लंबे समय से झालवाड़ जिले के झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र से जीतकर विधानसभा पहुंच रही हैं। उनके पुत्र दुष्यंत सिंह भी तीन बार से यहीं से सांसद हैं। पहले यह सीट सिर्फ झालवाड़ थी, लेकिन परिसीमन के बाद इसे झालावाड़-बारां सीट कर दिया गया है। ऐसे में अब इस सीट में चार विधानसभा सीट झालवाड़ की और चार सीट बारां जिले की शामिल हैं।

पार्टी सूत्रों की मानें तो इस बार सत्ता परिवर्तन के कारण दुष्यंत सिंह के लिए यह जीत मुश्किल हो सकती है। वैसे भी वे यहां से तीन बार सांसद रह चुके हैं। वर्ष 2009 में भी जब राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी तो दुष्यंत को जिताकर लाने में राजे को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी, जबकि उस समय तो वह नेता प्रतिपक्ष थीं और पूरी तरह राजस्थान में सक्रिय थीं।

अब पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाकर राजस्थान से थोड़ा दूर कर दिया है। ऐसे में पार्टी स्वयं राजे को ही यहां से लोसकभा चुनाव लड़वा सकती है और यदि वह जीतती हैं तो दुष्यंत को उनकी खाली हुई झालरापाटन की सीट से मौका दिया जा सकता है। झालावाड़-बारां के अलावा उनके लिए जयपुर और करौली-धौलपुर सीटों की भी चर्चा है। 

2024 Fun Festiva
शेयर करे

More news

Search
×