Home News Business

लोकसभा चुनाव : पहले चरण की रिपोर्ट में कम खर्चा बताने पर भाजपा, कांग्रेस व बीटीपी के प्रत्याशी को जारी किया नोटिस

लोकसभा चुनाव : पहले चरण की रिपोर्ट में कम खर्चा बताने पर भाजपा, कांग्रेस व बीटीपी के प्रत्याशी को जारी किया नोटिस
@HelloBanswara - -

कटारा: 44 हजार में करा दी कटारिया की सभा, भगोरा: नाश्ते पर खर्चे 3150 रुपए  

चुनावी खर्च को लेकर प्रत्याशियों ने अपने अब तक के पहले चरण के खर्च का ब्यौरा निर्वाचन विभाग में दे दिया है। लेकिन इसे निर्वाचन विभाग ने सही नहीं माना है। विभाग का मानना है कि प्रत्याशियों ने वास्तविक खर्च को नहीं दिखा कर कम खर्चे की रिपोर्ट दी है। इस कारण भाजपा, कांग्रेस और बीटीपी के प्रत्याशियों को नोटिस जारी किए गए हैं। निर्वाचन विभाग के आंकलन में कांग्रेस प्रत्याशी भगोरा के खर्चे में 3 लाख 94 हजार 452 रुपए का अंतर निकला है।

वहीं भाजपा प्रत्याशी कनकमल कटारा ने भी 4 लाख 31 हजार 372 रुपए का खर्च कम बताया है। पहली बार चुनाव लड़ रहे बीटीपी के कांतिलाल रोत को 420 रुपए के अंतर के लिए नोटिस दिया गया है। प्रत्याशियों का सर्वाधिक खर्चा टैंट और पेट्रोल डीजल में किया है। गौरतलब है कि प्रत्याशियों को चुनावी खर्च का ब्यौरा दो चरणों में विभाग को पेश करना होता है।

भाजपा: बताया 1.51 लाख का खर्चा, विभाग ने माना 5.82 लाख रुपए  
भाजपा प्रत्याशी कनकमल कटारा ने अपने खर्च के ब्यौरे में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया की सभा में 44 हजार रुपए का खर्च करना बताया है। 12 अप्रैल को छोटी सरवन की सभा में 14 हजार रुपए खर्च हुए तो घाटोल विधानसभा क्षेत्र में सभा पर 4500 रुपए। वहीं गढ़ी विधानसभा में 16 हजार रुपए का खर्च किया गया। इसके अलावा बागीदौरा के नाहरपुरा में 9500 रुपए का खर्च कटारा की ओर से किया गया। यह खर्चा टैंट हाउस का दर्शाया गया है। 14 अप्रैल तक कटारा ने 1 लाख 51 हजार 385 रुपए खर्च करना बताया। वहीं निर्वाचन की टीम ने कटारा का अब तक का खर्च 5 लाख 82 हजार 385 रुपए माना है। 

कांग्रेस: सिर्फ 88 हजार बताए, विभाग ने बनाया 4.83 लाख रुपए का हिसाब  
कांग्रेस प्रत्याशी ताराचंद भगोरा ने 6 अप्रैल को नामांकन रैली से लेकर अब तक महज 88 हजार 727 रुपए ही खर्च बताया हैं। जबकि निर्वाचन विभाग भगाेरा का खर्चा 4 लाख 83 हजार 179 रुपए मान रहा है। इस पर भगोरा को नोटिस जारी किया गया है। भगोरा ने सबसे ज्यादा विज्ञापन पर 41 हजार 336 रुपए खर्च कराना बताया। इसके अलावा डीजल पर 4670 रुपए और चाय नाश्ते पर 3150 रुपए खर्च किए। अन्य खर्च में पानी के केंपर, स्टेशनरी और टेंट शामिल हैं। विभाग की ओर से भगोरा को 3 लाख 94 हजार 452 रुपए का अंतर आने पर नोटिस दिया है। 

बीटीपी के कांतिलाल रोत ने अब तक 6 लाख 80 हजार 850 रुपए खर्च करने की जानकारी दी है। जिसमें चुनाव आयोग के मिलान में महज 420 रुपए का अंतर सामने आ रहा है। बीएसपी के बापूलाल ने नामांकन भरने के दौरान जमानत राशि 12500 रुपए के अलावा प्रचार प्रसार में कोई खर्च नहीं किया है। निर्दलीय प्रत्याशी ने अपना ब्यौरा ही पेश नहीं किया है। 

2024 Fun Festiva
शेयर करे

More news

Search
×